बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर कलक्ट्रेट के पास एक कट पर बृहस्पतिवार रात क्रेन और बाइक की टक्कर के बाद बाइक का टैंक फटने से आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में चांदनहेड़ी निवासी शहजाद की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि उसके फुफेरे भाई नौशाद (25), निवासी नंदपुरा, जिला मेरठ, की भी गंभीर रूप से झुलसने के बाद मेरठ अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई।
शहजाद और नौशाद दोनों कपड़े की फेरी लगाने का काम करते थे। बृहस्पतिवार को वे अपने रिश्तेदार के निधन पर नौरोजपुर गुर्जर गांव गए थे। वहां से लौटते समय कलक्ट्रेट के पास हाईवे पर यह हादसा हो गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कट पर बाइक की क्रेन से टक्कर के बाद स्पोर्ट्स बाइक केटीएम का टैंक फट गया। टैंक फटने से पेट्रोल फैल गया और बाइक जमीन पर घिसटने से निकली चिंगारी से आग लग गई।
शहजाद का पैर बाइक के नीचे फंस गया था, जिससे वह जलकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। नौशाद आग लगने के बाद बाइक से दूर चला गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद शहजाद के परिवार ने पोस्टमार्टम में देरी को लेकर सीएमओ कार्यालय में हंगामा किया। शहजाद चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। दूसरी ओर, नौशाद अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं।
पुलिस के अनुसार मृतकों के परिवार की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि शहजाद को बाइकों का शौक था। पहले वह अपाचे बाइक चलाता था, लेकिन पांच दिन पहले ही उसने अपनी पुरानी बाइक बेचकर नई केटीएम बाइक खरीदी थी। इसके अलावा वह पहलवानी भी करता था और मलकपुर के दंगल में नियमित रूप से जाता था।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई सरताज ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। शहजाद फेरी लगाकर अपने परिवार का पेट पालता था, जबकि उसके अन्य भाई मजदूरी करते हैं। सरताज ने सरकार से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सरकार को इस मामले में जल्द से जल्द मदद करनी चाहिए ताकि परिवार को राहत मिल सके।

