सहारनपुर। गांव कपासा में जमीन के विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल हुए ग्राम प्रधान के बेटे 22 वर्षीय सुमित ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
बता दें कि एक पक्ष से ग्राम प्रधान पूनम देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके पड़ोस के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ जमीनी विवाद चल रहा है। बुधवार सुबह नौ बजे जब वह अपने घर पर पड़ोस के रहने वाली राजदुलारी तथा अंगूरी के साथ बातचीत कर रही थी। उसी दौरान आरोपी ने उसके घर आकर गाली गलौज की। विरोध करने पर वह अपने परिवार के सात लोगों के साथ हाथों में लाठी डंडे तथा धारदार हथियार लेकर आया और हमला कर दिया था।
इसमें प्रधान पक्ष से उनके बेटे सुमित समेत विशाल, विकास, मोनू, राजदुलारी, अंगूरी घायल हो गए थे। उधर, दूसरे पक्ष के सतीश ने ग्राम प्रधान पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट कर शेर सिंह, अनुज व सतीश को घायल करने का आरोप लगाया था। सुमित का उपचार चल रहा थाए जिसकी देर रात अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची है।

