बुलंदशहर। आंधी-बारिश के कारण देहात क्षेत्र में छह घंटे से अधिक बिजली सप्लाई बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई। आंधी-बारिश के बाद शहर की सप्लाई तो चालू कर दी गई थी, लेकिन देहात में कहीं सुबह चार तो कहीं आठ बजे तक बिजली सप्लाई चालू हो पाई। जिसके चलते लोगों को पेयजल संकट से भी जूझना पड़ा। वहीं, बारिश और तेज हवा से गेहूं और सरसों की फसल गिर गई। दोनों ही फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
शुक्रवार रात करीब एक बजे जिले में तेज आंधी के साथ बारिश आने के कारण बिजली की सप्लाई बाधित हो गई थी। आंधी-बारिश बंद होने के बाद बिजली निगम की टीम फील्ड में उतरी तो पता चला कि कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार टूट गए हैं। जबकि कई स्थानों पर पेड़ों से लाइनों के गुजरने के कारण बिजली की सप्लाई चालू नहीं हो पा रही। शिकारपुर, सलेमपुर, जहांगीराबाद, औरंगाबाद, बुलंदशहर, खुर्जा, अनूपशह, डिबाई के तीन सौ से अधिक गांवों में रात भर बिजली गुल रही।
बिजली न होने से पेयजल की भी रही किल्लत
आंधी-बारिश के कारण बिजली गुल होने के कारण लोगों को पेयजल की किल्लत से भी जूझना पड़ा। हालात यह रहे कि आंधी के दौरान शहर में कई स्थानों पर लोगों को बहुत कम पानी मिल सका तो अन्य क्षेत्रों में भी पेयजल संकट रहा। जबकि नगर के आदर्श नगर, राधा नगर, शास्त्री नगर, साठा, अंसारी रोड, कचहरी रोड, चांदपुर, यमुनापुरम समेत कई स्थानों पर सुबह के समय बिजली सप्लाई चालू होने के चलते पानी की परेशानी नहीं हुई।
