मेरठ। प्रेम विवाह करने पर नाराज भाइयों ने युवती की हत्या कर शव जला दिया। हत्या के बाद सभी फरार हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। फारेंसिक की टीम भी पहुंच गई। राख और हड्डियों को जांच के लिए ले लिया। पति ने ससुरालियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दे दी है। कुछ दिन पहले ही दंपती ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
भावनपुर थाना क्षेत्र के भूड़पुर गांव निवासी रोमा शर्मा का गांव के ही अनुसूचित जाति के राहुल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर स्वजन ने रोमा का घर से निकलना बंद कर दिया था। राहुल ने बताया कि इसी साल 22 जुलाई को उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली थी, लेकिन किसी को जानकारी नहीं दी थी। शादी के बाद भी दोनों अपने-अपने घरों पर रह रहे थे। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने एसएसपी कार्यालय में आनर किङ्क्षलग की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
शुक्रवार को युवती के भाइयों को दोनों की शादी के बारे में पता चला। जानकारी मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। भाइयों ने बहन को समझाने का प्रयास किया। बहन के नहीं मानने पर शनिवार को भाइयों ने उसकी हत्या कर दी। दोपहर बाद गांव के ही श्मशान में उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी युवक राहुल को दी। राहुल ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को सूचना दी। इसकी भनक लगते ही रोमा के सभी स्वजन फरार हो गए।

