बुलंदशहर : आज आएगा फैसला, किसके सिर सजेगा ताज, किसकी होगी हार, सात सीटों पर 65 प्रत्याशी थे मैदान में

बुलंदशहर। जिस दिन का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था, वह आ गया। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर मतदाताओं ने किसके सिर पर जीत का सेहरा बांधा है, आज इससे पर्दा उठ जाएगा। मतगणना की शुरुआत सुबह आठ बजे से होगी। सबसे पहले सभी तहसीलों में पड़े पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। साढ़े आठ बजे से ईवीएम के मतों की गिनती होगी। सबसे पहले शिकारपुर और डिबाई का परिणाम आने का अनुमान है।

10 फरवरी को जिले की सातों सीटों पर मतदान हुआ था। 65 प्रत्याशियों के लिए कुल 26.26 लाख मतदाताओं में से 17.08 लाख मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारी पूरी करने का दावा किया है। केवल प्रशासन की ओर से जारी आईडी कार्ड धारक को ही अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने एजेंट निर्धारित करते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मतगणना स्थल के दो सौ मीटर की परिधि में लोगों को एकत्रित होने की अनुमति नहीं होगी। अधिक से अधिक लोगों तक मतगणना का परिणाम पहुंच सके, इसके लिए स्याना अड्डा तक लाउडस्पीकर लगाने की व्यवस्था की गई है। मतगणना पूरी होने के बाद सभी विधानसभाओं से रैंडम तौर पर पांच-पांच ईवीएम ली जाएंगी और वोटों का मिलान किया जाएगा।

पैरामिलिट्री फोर्स करेगी मतगणना स्थल की सुरक्षा
मतगणना स्थल पर किसी भी प्रकार से सुरक्षा में चूक न हो इसके लिए पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती की गई है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पैरामिलिट्री फोर्स के करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई है। मंडी परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। जिलेभर में जो भी मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र हैं, वहां पर सुरक्षा व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए भी संबंधित थाने में दो-दो टीमें तैनात की गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से विजेता और उपविजेता दोनों ही प्रत्याशियों को पुलिस सुरक्षा में उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।

सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती
पोस्टल बैलेट के लिए बुलंदशहर और सिकंदराबाद में पांच-पांच और शेष में चार-चार टेबिल लगाई गई हैं। आठ मार्च तक जिले में पोस्टल बैलेट से 1341, दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं से 1920, फैसिलिटेशन सेंटर पर 4290, पुलिस व अन्य विभागों के कर्मचारियों के 1872, सेवा मतदाताओं के 5319 मतदाताओं के मत प्राप्त हुए हैं।

दो-दो हॉल में लगाई गई हैं मतगणना की टेबिल
मतगणना के दौरान व्यवस्था बनाने और कोविड के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए दो-दो हॉल बनाए गए हैं। एक हॉल में सात टेबिल लगाते हुए प्रत्येक विधानसभा के लिए कुल 14-14 टेबिल लगाई जा रहीं हैं। इन पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्ट्रांग रूम से मतगणना टेबिल तक ईवीएम लाने के दौरान भी वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।

मतगणना स्थल पर नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
डीएम-एसएसपी ने पुलिस प्रशासनिक टीम के साथ बुधवार को मंडी परिसर स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल तक मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक व्यक्ति के लिए मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य होगा।


किसी भी वाहन को अंदर जाने की नहीं होगी अनुमति
जिला प्रशासन ने तय किया है कि मतगणना के दिन किसी भी वाहन को मंडी परिसर में जाने की अनुमति नहीं होगी। पहले कर्मचारियों और पत्रकारों के लिए अंदर ही पार्किंग की व्यवस्था की थी, लेकिन प्रदेश में कई स्थानों पर वाहनों में मिली ईवीएम के बाद विवाद बढ़ा तो अधिकारियों ने इस निर्देश को बदल दिया। अब मतगणना में लगे कर्मचारियों के साथ पत्रकारों को भी मंडी के बाहर ही अपना वाहन खड़ा करना होगा।

संभलकर चलें विभिन्न स्थानों पर रूट रहेगा डायवर्ट
मंडी परिसर में मतगणना के चलते बृहस्पतिवार को विभिन्न स्थानों पर रूट डायवर्ट किया जाएगा। नई मंडी क्षेत्र में बुलंदशहर-अनूपशहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अनूपशहर से बुलंदशहर आने वाले सभी भारी वाहनों को चांदौक दोराहा से डायवर्ट कर वाया शिकारपुर से बुलंदशहर भेजा जाएगा। बुलंदशहर से अनूपशहर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिकारपुर तिराहा बुलंदशहर से डायवर्ट कर वाया शिकारपुर-चांदौक दोराहा होते हुए अनूपशहर भेजा जाएगा।

अनूपशहर से बुलंदशहर आने वाले चार पहिया वाहनों को हजरतपुर चौराहे से डायवर्ट कर वाया भाईपुरा होते हुए बुलंदशहर भेजा जाएगा। बुलंदशहर से अनूपशहर जाने वाले चार पहिया वाहनों को कब्रिस्तान के पास से डायवर्ट कर वाया भाईपुरा हजरतपुर चौराहा होते हुए अनूपशहर भेजा जाएगा। अनूपशहर से स्याना की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को कस्बा जहांगीराबाद से डायवर्ट कर वाया औरंगाबाद होते हुए स्याना भेजा जाएगा। स्याना से अनूपशहर की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को औरंगाबाद से डायवर्ट कर वाया जहांगीराबाद होते हुए अनूपशहर भेजा जाएगा। दिल्ली से स्याना, बीबीनगर जाने वाले सभी भारी वाहनों को गुलावठी से स्याना के लिए निकाला जाएगा।

advertisement at ghamasaana