पिता ने चोर कहा तो बेटा बना कातिल, बहा दिया बेगुनाह का खून

saharanpur crime news

सहारनपुर। Saharanpur के देवबंद थाना क्षेत्र में हुए भट्ठा मुंशी पिंटू हत्याकांड ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, वह किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं। हत्या की वजह न पुरानी दुश्मनी थी और न ही कोई व्यक्तिगत रंजिश, बल्कि “चोर” कहे जाने की जलन ने एक युवक को खूंखार कातिल बना दिया।

पुलिस के मुताबिक, मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र निवासी पिंटू 30 अप्रैल से लापता था। भाई मिंटू की शिकायत पर देवबंद थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। तीन मई को गांव आखलौर खेड़ी के पास नाले में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस की नजर मुजफ्फरनगर जिले के गांव आखलौर निवासी विशाल और उसके साथी गगन पर गई। दोनों को हाईवे से गांव घलौली जाने वाले मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से हत्या में इस्तेमाल आधी ईंट, मृतक के आधार और पैन कार्ड के साथ खून से सनी शर्ट बरामद की।

पूछताछ में जो कहानी सामने आई, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपी विशाल पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में बाहर आया था। घटना वाले दिन वह गगन के साथ कोर्ट की तारीख पर गया था। शराब और नॉनवेज पार्टी के बाद बाइक खराब हो गई, जिसे वहीं छोड़कर दोनों घर लौट आए। घर पहुंचते ही पिता ने विशाल की पिटाई कर दी और उसे चोर कह दिया। मोहल्ले के लोगों ने भी ताने मारने शुरू कर दिए।

बताया जा रहा है कि इसी अपमान ने विशाल के अंदर खौफनाक जुनून पैदा कर दिया। उसने तय किया कि अब वह “कुछ बड़ा” करेगा, ताकि लोग उसे मामूली चोर नहीं समझें। इसी सनक में उसने रास्ते में मिले निर्दोष पिंटू को मौत के घाट उतार दिया। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की अन्य कड़ियां जोड़ रही है।

advertisement at ghamasaana