मेरठ। लिसाड़ीगेट इलाके में 11 नवंबर की शाम 8 साल की बच्ची की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस भी अब उलझ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
ऐसे में बिसरा जांच के लिए गाजियाबाद की फॉरेंसिक लैब निवाड़ी भेजा जाएगा। घटना के समय घर पर मां ही थी। मां ने पति से बताया था कि बेटी की बेड से गिरकर मौत हो गई। इसके बाद बच्ची के पिता ने अनहोनी की आशंका पर पुलिस बुलाई। संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के प्रहलादनगर निवासी दीपक सराफा का काम करते हैं। दीपक 11 नवंबर की सुबह काम पर गया था। दीपक की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। एक साल पहले ही दीपक ने शीतल से दूसरी शादी की। शीतल की भी दूसरी शादी थी। पहले पति से 8 साल की बच्ची थी, जिसे वह दूसरे पति के यहां साथ लेकर रह रही थी।
11 नवंबर को घर में पत्नी शीतल और बच्ची पंखुड़ी थी । शाम पांच बजे शीतल ने पति को फोन पर बताया कि बच्ची बेड से गिर गई। सूचना पर दीपक पहुंचे तो देखा की बच्ची मृत हालत में थी।
