मुजफ्फरनगर। बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकि के भाई प्रोड्यूसर शमास नवाब सिद्दीकि के साथ ठगी का मामला सामने आया है। शमास ने इस मामले में पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ट्वीट कर अपने साथ ठगी होने की जानकारी दी। इसके बाद जब यह मामला सुर्खियों में आया तो उन्होंने ट्वीट को डिलीट कर दिया।

प्रोड्यूसर शमास नवाब सिद्दीकी देहरादून में रहते हैं। शुक्रवार को उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को ट्वीट करते हुए लिखा कि आपके इतने अनुशासन के बाद भी उत्तर प्रदेश में हमारे जैसे फिल्म इन्वेस्टर्स के साथ ठगी होगी तो कैसे लोगों का विश्वास बनेगा। सर ये ठगी मेरे होम टाउन बुढ़ाना में फिल्म स्टूडियो के लिए मेरे द्वारा खरीदी गई जमीन में की गई है। सीएम को ट्वीट करते ही लखनऊ तक मामला गूंजा। इसके कुछ देर बाद शमास ने यह ट्वीट डिलीट भी कर दिया।

उन्होंने बताया कि पहले ट्वीट किया था, लेकिन डिलीट कर दिया गया है। मामले की जांच चल रही है। जल्द ही कोई न कोई समाधान निकलने की उम्मीद है। वहीं सीओ बुढ़ाना विनय गौतम का कहना है कि पुलिस को ठगी की जानकारी नहीं दी गई है। ट्वीट किए जाने की जानकारी मिली थीए जिसका पता कराया जा रहा है।

दरअसल प्रोड्यूसर और पत्रकार शमास नवाब सिद्दीकी ने बुढाना में फिल्म स्टूडियो बनाने के लिए जगह 98 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। बैनामे के बाद पता चला कि जिस जमीन के लिए रुपये दिए गए हैं, उसके कई साझीदार हैं और जमीन भी एक जगह नहीं है।