सहारनपुर में सवा बीघा भूमि को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, 12 महिलाओं समेत 19 घायल

Clash between two parties over 1 bigha land
0 0

सहारनपुर। कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव बड़वाला में सुबह आबादी की सवा बीघा भूमि पर मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हुआ, जिसमें 12 महिलाओं समेत 19 लोग घायल हुए है। घायलों को बेहट पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगा रहे है।

गांव बड़वाला निवासी सुशीला व हुकम सिंह के बीच आबादी की सवा बीघा भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह सुशीला पक्ष के लोग विवादित भूमि पर बने छप्पर में भूसा डाल रहे थे। इस पर हुकम पक्ष के लोगों ने उन्हें भूसा डालने से मना किया।

इसे लेकर कहासुनी होने के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष से सुशीला (45) पत्नी मन्नू, नीटू (38) पुत्र बाबूराम, लविश (15) पुत्र नीटू, रमेशो 60) पत्नी बाबूराम, शिवानी (20) पुत्री मन्नू, कमलेश (40) पत्नी सोनू, पूजा (35) पत्नी नीटू व दूसरे पक्ष से हुकम सिंह (70) पुत्र चंदा, अरुण (30) पुत्र अमरपाल, रेणुका (19) पुत्री अमरपाल, नीलू (13) पुत्री अमरपाल, सोमवती (35) पत्नी रामेश्वर, ममता (45) पत्नी बिरमपाल, प्रेमो (50) पत्नी अमरपाल, रामनाथ (24) पुत्र कंवरपाल, प्रीति (22) पत्नी रामनाथ, आरती (16) पुत्री कंवरपाल, कंवरपाल (50) पुत्र ओमप्रकाश व रामेश्वर (36) पुत्र हुकम सिंह घायल हो गए।

सूचना मिलते पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी भिजवाया। यहां से आरती, प्रेमो और ममता को गंभीर हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों पक्ष एक दूसरे पर भी हमला करने का आरोप लगा रहे थे। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया, कि दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

advertisement at ghamasaana