सीएम योगी कानपुर हिंसा पर सख्त, उपद्रवियों पर लगेगा गैंगस्टर और चलेगा बुलडोजर,18 गिरफ्तार

Kanpur violence

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर सख्त हो गए हैं। उन्होंने उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उपद्रवियों पर गैंगस्टर लगाने और बुलडोजर भी चलाने की तैयारी की जा रही है और उपद्रवियों की संपत्ति जब्त की जाएगी। अभी तक 18 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। वीडियो के जरिए अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इलाके में अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। 12 कंपनी और एक प्लाटून पीएसी को भेजा गया है।

कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र और डीजीपी डीएस चौहान से बवाल के बारे में वृस्तित जानकारी ली और सख्त हिदायत दी कि बवालियों पर कार्रवाई की जाए कि एक भी दोषी बचे नहीं।उन्होंने अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी को फोन करके कहा कि पल-पल की जानकारी करें और बवालियों से सख्ती से निपटें।

सीएम योगी ने डीजीपी से कहा कि बवालियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करें और साथ ही जितनी सख्त धाराएं लग सकती हैं वो भी लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि बवालियों की संपत्ति जब्त कर रासुका के तहत भी कार्रवाई करें ताकि भविष्य में कोई बवाल करने के बारे में सपने में भी न सोच पाए।

एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि कानपुर में कुछ लोगों ने दुकानों को बंद करने का प्रयास किया। इसका विरोध हुआ तो झड़प शुरू हो गई। दोनों ओर से पत्थरबाजी की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो उन पर भी पथराव किया गया। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। अतिरिक्त पुलिस बल वहां भेजा गया है।

एडीजी ने कहा कि 12 कंपनी एक प्लाटून पीएसी भेजी गई है।वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। उपद्रव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही होगी और संपत्ति जब्त की जाएगी। उपद्रव करने वालों पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा।

कानपुर पुलिस कमिश्नर के अनुसार बवाल में दो लोग जख्मी हुए हैं। 18 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए तंग गलियों में पूरी तैयारी के साथ घुसे हैं। वीडियो फुटेज के आधार पर धरपकड़ का अभियान छेड़ा गया है। फिलहाल यतीमखाना चौराहे पर सन्नाटा पसरा है और गलियों में भारी पुलिस बल मौजूद है।

मिली जानकारी के‌ अनुसार भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की टिप्पणी से मुस्लिम समाज के लोगों में नाराजगी है।टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कानपुर में बवाल हो गया।पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और लोगों को वहां से खदेड़ा।जोहर फैंस एसोसिएशन और अन्य मुस्लिम तंजीमों ने पहले ही शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय से कारोबार बंद रखने की अपील की थी।

इस कारण से सुबह से ही तलाक महल, कर्नलगंज, हीरामन पुरवा, चमनगंज, बेगनगंज, दलेल पुरवा, मेस्टन रोड, बाबू पुरवा, रावतपुर व जाजमऊ में इसका असर दिखाई दिया। इसके बाद जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों से एलान किया गया कि वह मोहम्मद साहब पर की गई किसी भी अमर्यादित टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं, पुलिस ने किसी भी क्षेत्र में लोगों को नमाज के बाद प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।

advertisement at ghamasaana