नई दिल्ली। बढ़ रही महंगाई के बीच दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। दिल्ली में सीएनजी की कीमतें 2.28 रुपये प्रति किलो जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 2.56 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है।
पिछले 45 दिनों में तीसरी बार सीएनजी के दाम बढ़े हैं। बढ़ी 1 हुई कीमतें रविवार सुबह 6 बजे से लागू हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने कीमतों में बढ़ोतरी की जानकारी दी। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में एक किलो सीएनजी के लिए 52.04 रुपये खर्च करने होंगे। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में दाम बढ़कर 58.58 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने 1 अक्तूबर, 2021 के बाद से तीसरी बार दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले 1 अक्तूबर और 13 अक्तूबर को भी कीमतें बढ़ी थीं। पिछले 45 दिनों में दिल्ली में सीएनजी 6.84 रुपये प्रति किलो महंगा हुआ है यानी कीमतों में 15 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। उधर, पेट्रोल और डीजल की कीमतें रविवार को लगातार 10वें दिन स्थिर रहीं।

