‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, अभिजीत दीपके ने जताई चिंता

cocroach

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) एक बार फिर चर्चा में है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज हैक कर लिया गया है। इसके साथ ही उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी प्रभावित हुए हैं।

अभिजीत दीपके ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि फिलहाल उनके पास किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का एक्सेस नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस पोस्ट के बाद उनके नाम से आने वाली किसी भी पोस्ट को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आधिकारिक बयान न माना जाए।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि पार्टी का इंस्टाग्राम पेज हैक होने के अलावा उनका पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर लिया गया है। साथ ही एक्स अकाउंट पर रोक लगा दी गई है और बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया है।

बीजेपी से ज्यादा फॉलोअर्स होने पर चर्चा में आई पार्टी

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर अपने व्यंग्यात्मक और राजनीतिक कंटेंट के कारण काफी तेजी से लोकप्रिय हुई। पार्टी के इंस्टाग्राम पेज पर करीब 2.17 करोड़ फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, जो कई बड़े राजनीतिक दलों के सोशल मीडिया फॉलोअर्स से भी अधिक हैं। इसी वजह से हाल के दिनों में यह प्लेटफॉर्म लगातार चर्चा में रहा।

कैसे बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत एक व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान के रूप में हुई थी। इसे सोशल मीडिया क्रिएटर और कंटेंट मेकर अभिजीत दीपके ने शुरू किया था। पार्टी का मकसद पारंपरिक राजनीति, चुनावी वादों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स पर हास्य और व्यंग्य के जरिए टिप्पणी करना था।

धीरे-धीरे इसके वीडियो और मीम्स युवाओं के बीच वायरल होने लगे। खासकर राजनीतिक घटनाओं पर बनाए गए मजाकिया वीडियो और काल्पनिक घोषणापत्र ने इसे अलग पहचान दी। हालांकि, यह कोई मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि एक सोशल मीडिया आधारित सटायर (Satire) प्लेटफॉर्म माना जाता है।

advertisement at ghamasaana