नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का 58 साल की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें यहां लाया गया था। पिछले 42 दिन से उनका यहां इलाज चल रहा था।
राजू के निधन से पूरे देश में शोक का माहौल हो गया है। पिछले दिनों चिकित्सकों ने उनके होश में आने का दावा किया था। इसके बाद वह फिर से कोमा में चले गए थे। पिछले कई दिनों से उनके बारे में कोई खबर नहीं थी। बुधवार सुबह चिकित्सकों ने यह अपडेट किया कि राजू अब नहीं रहे। इसकी जानकारी मिलते ही उनके परिजनों में शोक का माहौल हो गया।
राजू श्रीवास्तव के यूं अचानक अलविदा कहने से सभी शॉक्ड हैं। बॉलीवुड और टीवी गलियारों में मातम पसरा हुआ है, किसी को भी इस खबर पर यकीन नहीं हो रहा। सोशल मीडिया पर नम आंखों से फैंस और सेलेब्स कॉमेडियन को याद कर रहे हैं।
उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वो चेहरा जो हमेशा हंसता हुआ ही नजर आया था, चाहे टीवी स्क्रीन हो या सोशल मीडिया अकाउंट, अपने शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर की बदौलत करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले राजू का यूं अलविदा कह जाना शॉकिंग है।

