Basti news : कंपनीबाग-बड़ेवन की सड़क होगी 14 मीटर चौड़ी, शासन को भेजा प्रस्ताव

basti

बस्ती। जिले के लोगों के लिए यह किसी खुशखबरी से कम नहीं है। लोनिवि ने जिले की पांच सड़कों को दो गुना चौड़ा करने के लिए डेढ़ करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा है। जिसमें कंपनी बाग और बड़ेवन की सड़क भी शामिल है। प्रस्ताव पर मुहर लगते ही इन महत्वपूर्ण सड़कों की चौड़ाई पर्याप्त हो जाएगी। सैकड़ों गांवों के लोगों का आवागमन बेहतर हो जाएगा।

मंडल मुख्यालय पर कंपनीबाग से बड़ेवन चौराहा, जिला चिकित्सालय चौराहा से कैली चिकित्सालय होते हुए सोनूपार होकर रामपुर- देवरिया मार्ग, मुंडेरवा- रामपुर व बनकटी मार्ग, सोनहा शिवाघाट मार्ग व रामनगर लोढ़वा- मैलानी मार्ग पर दिनरात आवागमन होता है। इस मार्ग से लोगों को मंडल व जिला मुख्यालय पहुंचने में आसानी होती है।

इन संकरी सड़कों पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम से लोगों को बचाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने जिले की पांच सड़कों के चौड़ीकरण के लिए शासन को पत्र लिखा था। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड एक ने अपने अभियंताओं से सर्वे करवाकर 142.93 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। 58.65 किमी लंबी यह सड़कें अपने वर्तमान अस्तित्व से दोगुनी चौड़ी की जाएंगी।

ये सड़कें भी होंगी चौड़ी
कंपनीबाग- बड़ेवन मार्ग सात मीटर की जगह 14 मीटर चौड़ी 10.55 करोड़ रुपये, जिला चिकित्सालय चौराहा से कैली हॉस्पिटल होते हुए रामपुर- देवरिया मार्ग तीन मीटर की जगह सात मीटर 26.88 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ी होगी। सोनहा- शिवाघाट मार्ग 3.75 मीटर की जगह सात मीटर चौड़ी 26.85 करोड़ रुपये, रामनगर लोढ़वा बाबा मैलानी मार्ग 3.75 मीटर की जगह 5.50 मीटर 24.66 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ी की जाएगी। मुंडेरवा रामपुर- बनकटी मार्ग 3.75 मीटर की जगह सात मीटर 27.10 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ी की जाएगी।

अब प्रस्ताव के स्वीकृत होने का इंतजार
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पांच सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इन सड़कों से जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर आवागमन हो सकेगा।

advertisement at ghamasaana