बागपत। वर्ष 2016 में पुलिस लाइन जनपद बागपत पर तैनात आरक्षी 222 अनुज कुमार की ड्यूटी देवी सिंह पुत्र महिपाल सिंह निवासी ग्राम धनौरा सिल्वर नगर थाना बिनौली की सुरक्षा में थी। दिनांक 25-12-2016 को ग्राम धनौरा सिल्वर नगर थाना बिनौली में देवी सिंह की उनके खेत पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के संबंध में थाना बिनौली पर अभियोग पंजीकृत किया गया। ट्रायल में आरक्षी अनुज कुमार द्वारा प्रतिकूल बयान देकर, बचाव पक्ष को सहायता प्रदान की गई।
अतः उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी 222 अनुज कुमार को विभागीय कार्यवाही के पश्चात तत्काल प्रभाव से पुलिस सेवा से हटा दिया है ।
एसपी ने जनपद के समस्त पुलिस कर्मचारीगण/अधिकारीगण को निर्देशित किया गया है कि ऐसा कोई कृत्य न करें जो विधि के प्रतिकूल हो। विधि के प्रतिकूल कृत्य/तथ्य संज्ञान में आने पर सम्बन्धित के विरुद्ध कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
