खतरनाब मंसूबे : छह दिसंबर को सीरियल ब्‍लास्‍ट की थी योजना

delhi blast

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के नजदीक हुई कार विस्फोट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और दिल्ली पुलिस की डीएनए रिपोर्ट से यह पुष्टि हो गई है कि धमाके में मारा गया व्यक्ति पुलवामा निवासी डॉ. उमर नबी ही था। सूत्रों के मुताबिक, उमर छह दिसंबर को बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर दिल्ली में मुंबई 26/11 जैसी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। वह पूरे देश में सीरियल ब्‍लास्‍ट की तैयारी में थे।

फरीदाबाद में पकड़े गए “सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल” से पूछताछ में पता चला कि उमर और उसके साथियों के निशाने पर लाल किला, इंडिया गेट, कॉन्स्टीट्यूशन क्लब और गौरी शंकर मंदिर थे। उमर ने दिल्ली में विस्फोटक जमा किए थे और आई20 कार में कार बम बनाने की कोशिश कर रहा था। 10 नवंबर को साथियों की गिरफ्तारी के बाद उसने बौखलाहट में खुद ही विस्फोट कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे देश में सनसनी फैल गई थी।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से 40 से ज्यादा सैंपल जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि मौत का कारण गंभीर चोटें और अत्यधिक रक्तस्राव था। वहीं, अल फलाह विश्वविद्यालय ने बयान जारी कर कहा कि गिरफ्तार डॉक्टरों से उसका केवल पेशेवर संबंध है और वह राष्ट्र के साथ एकजुटता से खड़ा है।

जांच में सामने आया कि उमर का साथी डॉ. मुजम्मिल गनई ने जनवरी में लाल किले की कई बार रेकी की थी। मोबाइल डेटा और सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हुई है। दोनों के तुर्किये से भी संबंध मिले हैं और एजेंसियां यह जांच रही हैं कि क्या वे वहां किसी विदेशी हैंडलर से मिले थे।

जम्मू-कश्मीर में भी पुलिस ने आतंक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जमात-ए-इस्लामी से जुड़े 500 ठिकानों पर छापे मारे और 12 डॉक्टरों को हिरासत में लिया। इसके अलावा, हरियाणा के मेवात से मौलवी इश्तियाक को गिरफ्तार किया गया, जिसके ठिकाने से 2,500 किलो से अधिक विस्फोटक बरामद हुआ।

सरकार ने इस धमाके को “जघन्य आतंकी वारदात” करार देते हुए सख्त निंदा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव पारित कर आतंकवाद के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति दोहराई गई और मृतकों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। सरकार ने कहा कि वह राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर प्रतिबद्ध है।

advertisement at ghamasaana