सहारनपुर। शुक्रवार सुबह नागल टपरी मार्ग पर गेहूं के खेत में एक युवक की सिर कुचली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अभी तक शव की शनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब सात बजे एक ग्रामीण का फोन आया जिसने बताया कि गांव सुभरी के निकट ईंट भट्ठे के पास एक गेहूं के खेत में करीब 28 वर्षीय युवक की लाश पड़ी है, जिसका सिर कुचला हुआ है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
मृतक के पास से 70 रुपये मिले हैं। शनाख्त होने का कोई साधन मृतक के पास से नहीं मिल सका है। पुलिस ने बताया कि आसपास के जिलों और थानों की पुलिस को इस संबंध में अवगत कराया गया है ताकी मृतक की पहचान हो सके।