बिजनौर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग आजकल दहशत में जी रहे हैं। लोगों ने खेतों में जाना तक बंद कर दिया है। ग्रामीण कहते हैं कि खेतों में जाते समय किस समय मौत झपट्टा मार दे कुछ पता नहीं है।
दरअसल बिजनौर जिले में पिछले काफी समय से गुलदारों ने आतंक फैला रखा है। अभी पिछले पिछले दिनों एक गुलदार ने चलती बाइक पर झपट्टा मारकर चालक को घायल कर दिया। पीछे से आए बाइक सवारों के शोर मचाने पर गुलदार भागा।
खादर क्षेत्र के चंपतपुर चकला.कुआंखेड़ा संपर्क मार्ग पर गुलदार ने बाइक सवार चंपतपुर चकला निवासी एक व्यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम चंपतपुर चकला निवासी सुरजीत सिंह सोमवार देर शाम अपने साले लड्डू सिंह के साथ क्षेत्र के ही ग्राम कुआंखेड़ा खदरी से बाइक से वापस अपने गांव आ रहा था। चंपतपुर चकला.कुआंखेड़ा मार्ग पर पड़ने वाली नीम सोत नदी की झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक गुलदार ने बाइक सवारों पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में सुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसका साला बाल.बाल बचा।

