डेंगू का कहर जारी : मेरठ के एक ही गांव में दो बच्चों की मौत, कुल रोगी 600 के पार पहुंचे

मेरठ। डेंगू बुखार मेरठ में तेजी से फैल रहा है। शनिवार को जानीखुर्द क्षेत्र अघेड़ा गांव में दो बच्चों की बुखार से मौत हो गई। वहीं जिले में डेंगू के 30 नए मरीज मिले हैं। अब कुल संख्या 664 से बढ़कर 694 पहुंच चुकी है। पिछले पांच वर्षो में ये डेंगू के सर्वाधिक केस हैं।

मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने बताया कि 694 केसों में 490 मरीज रिकवर हो चुके हैं। 204 डेंगू के सक्रिय मरीज हैं। इनमें 118 मरीज अस्पतालों में भर्ती होकर इलाज करवा रहे हैं और 86 मरीज होम आइसोलेशन पर हैं।

इस बीच परीक्षितगढ़ के बनी गांव में बुखार के संदिग्ध मरीज मिलने पर जिला मलेरिया विभाग की टीम ने लार्वा रोधी गतिविधियां की। टीम को गांव के भ्रमण में छह घरों में मच्छर का लार्वा मिला। सभी भवन मालिकों को टीम ने नोटिस जारी किया है। जिला मलेरिया अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि शहर में भी टीमों ने भ्रमण किया। लार्वा मिलने पर चार नोटिस काटे गए। साथ ही लोगों को नियमित जल पात्रों को खाली करने समेत अन्य बिंदुओं पर जागरूक किया गया।

advertisement at ghamasaana