मेरठ । कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का असर आम लोगों के अलावा ट्रेनों पर भी असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अधिकांश ट्रेनें घने कोहरे के चलते देरी से रेंगते हुए चली जिस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार की सुबह दिन निकलते-निकलते घना कोहरा छा गया कि विजिबिलिटी केवल पांच-सात मीटर ही रह गई। सड़कों पर चलने वाले वाहन रेंगते हुए आगे चल रहे थे तो दूसरी ओर ट्रेनें भी इन्हीं का अनुशरण कर रही थी। इस वजह से अधिकांश ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी के साथ रवाना हुई।
सहारनपुर/शामली से दिल्ली की ओर चलने ट्रेन हो या फिर दिल्ली से सहारनपुर/शामली की ओर रवाना होने वाली ट्रेन, सभी की सभी घने कोहरे के कारण प्रभावित रही। दिल्ली से सहारनपुर की ओर जाने वाली ट्रेन डेढ़ घंटे की देरी के साथ बड़ौत रेलवे स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन में सवार हुए यात्रियों के अलावा प्लेटफार्म पर खड़े यात्रियों को ट्रेन के लेट होने के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ा।
उधर घने कोहरे के कारण बच्चों को भी स्कूल आने जाने में अच्छी खासी मुसीबत झेलनी पड़ी। खुली ई-रिक्शा से लेकर बंद वाहनों में भी बैठे विद्यार्थी ठंड में कांपते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। अभिभावकों ने डीएम से स्कूलों में अवकाश घोषित कराने की मांग की है ताकि बच्चों को राहत मिल सके।

