गोंडा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने गुरुवार को शासकीय कार्य के सिलसिले में उप श्रमायुक्त के कार्यभार का प्रभार संभाल रहे सहायक श्रमायुक्त मोहम्मद अब्बास को फोन किया। हालांकि, घंटी बजने के बावजूद फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद अधिकारी ने अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने मोहम्मद अब्बास से स्पष्टीकरण मांगा है और फोन बंद करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, देवीपाटन मंडल के उप श्रमायुक्त अनुभव वर्मा अवकाश पर हैं, जिसके चलते उनके कार्यभार का प्रभार सहायक श्रमायुक्त मोहम्मद अब्बास संभाल रहे हैं। मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने एक महत्वपूर्ण शासकीय कार्य के संदर्भ में सहायक श्रमायुक्त से बात करने के लिए प्रयास किया। लेकिन फोन की घंटी जाने के बावजूद मोहम्मद अब्बास ने कॉल रिसीव नहीं की और बाद में फोन स्विच ऑफ कर दिया।
मंगलवार को भी एक महत्वपूर्ण पत्रावली के संदर्भ में सहायक श्रमायुक्त से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन अधिकारी से बात नहीं हो पाई। इससे शासकीय कार्य बाधित हुआ। इसे अधिकारियों के दायित्व और कर्तव्य के प्रति लापरवाही मानते हुए मंडलायुक्त ने सख्त रुख अपनाया और तीन दिनों के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। इस घटना के बाद से विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच खलबली मच गई है। आयुक्त के इस कदम को कदाचार और लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के रूप में देखा जा रहा है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि उच्चाधिकारी की कॉल रिसीव न करना, शासकीय कार्यों को बाधित करना, और जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ना गंभीर कदाचार के अंतर्गत आता है। सहायक श्रमायुक्त से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है, अन्यथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

