गोंडा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानेपुर में स्वास्थ्य कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। डिलीवरी रूम में ही एक नवजात को कोई जानवर नोचकर खा गया और किसी को पता भी नहीं चला। परिजनों को जब इसका पता चला तो उन लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
क्षे़त्र के एक व्यक्ति ने अपनी बहन को प्रसव पीड़ा होने पर धानेपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। आरोप है कि डिलीवरी के बाद सीएचसी स्टाफ ने कहा कि बच्चे में ऑक्सीजन की कमी है। जिसकी वजह से उसे एडमिट करना पड़ेगा। परिजनों का आरोप है कि रात में पूरी स्टाफ सोने चला गया। इस बीच किसी समय बच्चे का मुहं नोच कर खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह जब इसका पता चला तो परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने इसकी शिकायत सीएचसी प्रभारी से की। इस मामले में सीएचसी प्रभारी ने जांच के आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि यह गंभीर मामला है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने धानेपुर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

