500 रुपये के लिए एमए-बीएड वाले भी बनवा रहे ई-श्रम कार्ड, चुनाव के बाद होगा फैसला, किसको मिलेगा पैसा

बुलंदशहर। जिले में ई-श्रम कार्ड बनवाने का सिलसिला जारी है। अभी तक 14 लाख से अधिक लोगों ने ई-श्रम कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में एमए और बीएड आदि प्रोफेशन कोर्स वाले भी शामिल हैं। चुनाव से पहले योजना के तहत जिले के 20 हजार कार्ड धारकों को राशि भी मिल चुकी है।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ई-श्रम कार्ड हर व्यक्ति के लिए जरूरी कर दिया है। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने ई-श्रम कार्ड बनवाने वालों को 500 रुपये रुपये गुजारा भत्ता देने की बात कहीं थी। इसके बाद से जिले में 18 से 59 साल तक लोग श्रम कार्ड बनवाने में जुट गए। इस कार्ड को बनवाने के लिए लोगों को लाइन भी लगना पड़ा।

ई-श्रम कार्ड बनवाने के लिए विगत वर्ष 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया था। बावजूद इसके अभी भी कार्ड बनवाने के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। सहायक श्रमायुक्त मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि ई-श्रम कार्ड निम्न वर्ग के लिए बनाया जा रहा है।

श्रम कार्ड जिले के रिस्का चालक, धोबी, घरेलू नौकर, मोची, ईंट भट्ठों में काम करने वाले मजदूर, रेहड़ी चालक, किसान, बेरोजगार युवाओं सहित अन्य बेरोजगार महिलाओं का कार्ड बनाया जाएगा। कार्ड बनने से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

चुनाव से पहले जिले में ई-श्रम कार्ड बनवाने वाले करीब 20 हजार लोगों के खाते में राशि आई थी। इसका पंजीकरण करवाने के लिए 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया था। अभी भी जिले में कार्ड बनवाने का सिलसिला जारी है। अब विधानसभा चुनाव चल रहा है। ऐसे में यह चुनाव के बाद ही अब स्पष्ट हो पाएगा इस योजना से कितने लोगों को लाभ मिलेगा।

advertisement at ghamasaana