सहारनपुर। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में सम्मिलित होने आते करीब पांच दर्जन कार्यकर्ताओं की जान पर उस समय बन आई जब बस में करंट फैल गया। यह हादसा उस समय हुआ जब गांव चमारी खेड़ा में घुसते ही सड़क पर नीचे तक लटक रहे विद्युत तार बस में फंस गए और करंट फैल गया। कार्यकर्ताओं को करंट के जोरदार झटके लगे। बाद में विद्युत तार टूट जाने से विद्युत सप्लाई बंद होने पर उनकी जान बच गई।

थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव बुड्ढा खेड़ा पुंडीर के प्रधान पति गौरव राणा के साथ पूर्व प्रधान ब्रह्म सिंह, बूथ अध्यक्ष राजू राणा, संजीव, राजबल, रविंद्र, रवि कुमार, सहित करीब पांच दर्जन भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर एक बस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में सम्मिलित के लिए गांव बुड्ढा खेड़ा पुंडीर से रवाना हुई थी। प्रधान पति के मुताबिक, जैसे ही बस गांव चमारी खेड़ा में घुसी तभी सड़क पर नीचे तक लटक रहे विद्युत तार बस की छत में फंस गए। बस काफी दूर तक चलने से विद्युत तार भी खींचते चले गए और बस में सवार कई भाजपा कार्यकर्ताओं को करंट के जोरदार झटके लगे और बस में बगदड मच गई।

इसी दौरान विद्युत तार खिंचाव पडने से टूट गए और बस के रुकते ही कार्यकर्ता भी बस से कूद कूद कर बाहर आने लगे।
करंट के झटके खाने वाले करमचंद, रवि कुमार, कुलदीप, राजबल, रविंद्र आदि का कहना था कि एक बार तो लगा कि शायद वह बच नहीं पाएंगे। मगर यह ऊपर वाले की कृपा रही कि विधुत तार टूट जाने से बस में प्रवाहित करंट समाप्त हो गया और उनकी जान बच गई। प्रधान पति का भी कहना था कि वह पिछले काफी समय से लटकी पड़ी इन विधुत तारों को सही करवाने के लिए विधुत अधिकारियों को भी कह चुके थे, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई और इसकी परिणति आज इस हादसे के रूप में सामने आई। गनिमत रही कि विद्युत तार बीच में से टूट गया और भाजपा कार्यकर्ताओं की जान बच गई।