घर में घुसकर बलकटी से काटकर युवक की हत्या, मां और भाई पर भी किए वार

बुलंदशहर। पुरानी रंजिश में सिकंदराबाद के गांव जौली में दो सगे भाइयों ने गांव निवासी युवक मोहित (22) की बलकटी से वारकर हत्या कर दी। इस दौरान मृतक की मां और भाई घायल हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दोेनों भाइयों को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद कर लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव जौली निवासी श्याम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात में वह परिवार के लोगों के साथ घर के बरामदे में सोया था। रात करीब दो बजे पत्नी श्यामवती के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुल गई। उसने देखा कि गांव के ही सुनील और बबली पुत्र जगवीर अपने अन्य साथियों के साथ धारदार हथियार लिए खड़े थे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर रहे थे। आवाज सुनकर पहुंचे उसके पुत्र मोहित (22) और रोहित ने मां को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इस दौरान जान बचाने के लिए मोहित घर से बाहर की ओर भागा तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और बलकटी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित ने घायल पत्नी श्यामवती, पुत्र रोहित और मोहित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और बेटे रोहित की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया कि रोहित की हालत गंभीर बनी हुई है।

मोहित की हत्या करना था मकसद
आरोपियों के हमले के बाद रोहित और मोहित दोनों घर के बाहर की ओर भागे, लेकिन हमलावरों ने केवल मोहित को अपना टारगेट बनाकर हमला किया। मोहित के मरणासन्न अवस्था में पहुंचने के बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं श्यामवती पर भी हमलावरों ने घातक हमला नहीं किया। ग्रामीणों के पहुंचने पर रोहित घर के पास से ही धान के खेत में घायल अवस्था में मिला।

वारदात के बाद ड्यूटी पर पहुंचा आरोपी सुनील
कोतवाली प्रभारी जयकरन सिंह ने बताया कि आरोपी सुनील नगर के एक निजी अस्पताल में गार्ड की नौकरी करता है। रविवार की रात वह ड्यूटी पर था। ड्यूटी से आकर ही उसने वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वापस फिर से ड्यूटी पर लौट गया था।

आरोपी सुनील और बबली को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के पीछे आपसी विवाद का मामला सामने आया है। आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल बलकटी भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है – संतोष कुमार सिंह, एसएसपी

advertisement at ghamasaana