बिजनौर। आबाकरी विभाग और पुलिस ने सरकारी दुकान पर नकली शराब का जखीरा पकड़ा है। देशी शराब की दुकान के सेल्समैन को गिरफ्तार करते हुए नकली शराब के 430 पव्वे बरामद किए गए हैं। लाइसेंस धारक के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ। वहीं दुकान को निलंबित करने की कार्रवाई चल रही है।
आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गुनियारपुर में अमानगर रोड स्थित देशी शराब की दुकान पर छापा मार कार्रवाई की। जांच में दुकान से नकली शराब के 430 पव्वे बरामद हुए। इन पव्वों पर क्यूआर कोड तो लगा हुआ था लेकिन, फर्जी थी। जोकि विभाग का सॉफ्टवेयर भी स्कैन नहीं कर पाया। वहीं बैच नंबर भी अंकित नहीं मिला। काफी समय से इस दुकान पर नकली शराब बेची जा रही थी। उधर सेल्समैन आकाश कुमार निवासी हैवतपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अनुज्ञापी अरविंद कुमार निवासी रसूलपुर पिरथी आदमपुर के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दुकान के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। टीम में आबकारी निरीक्षक नजीबाबद मोनिका यादव, आबकारी निरीक्षक अमर सिंह बोनियाल आदि शामिल रहे।
ऐसे करें असली और नकली की पहचान
जिला आबकारी अधिकारी जीसी वर्मा ने बताया कि आबकारी विभाग की वेबसाइट पर जाकर एक्साइज एप मोबाइल फोन में डाला जा सकता है। शराब खरीदते समय इस एप से बोतल पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर लें। स्कैन करने के बाद शराब का मूल्य, ब्रांड, दुकान का नाम समेत निर्माता कंपनी संबंधी सभी जानकारी मोबाइल पर स्क्रीन पर आ जाएगी। अगर क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो पा रहा है तो शराब नकली हो सकती है।
जिले में चलेगा अभियान: जीसी वर्मा
जिला आबकारी अधिकारी जीसी वर्मा ने कहा कि यहां पर नकली शराब बिकने की शिकायत मिल रही थी। छापा मारा तो शिकायत सही मिली। अब जिले भर में अभियान चलाया जाएगा। कहीं भी नकली शराब नहीं बिकने दी जाएगी। कोई पकड़ा गया तो कार्रवाई की जाएगी।

