
बिजनौर। खेत में काम कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सिर्फ हत्याकांड ही नहीं बल्कि एलानिया कत्ल है क्योंकि कुछ दिन पहले ही किस को फोन करके जान से मारने की धमकी दी गई थी। पीड़ित मामले को लेकर थाने तक पहुंचा लेकिन पुलिस ने केवल मुचलका पाबंद की कार्रवाई करते हुए मामले में इतिश्री कर ली। इस हत्याकांड को लेकर थाना प्रभारी और हलका इंचार्ज पर भी गाज गिरना तय माना जा रहा है।
खजूरा जट के रहने वाले जबर सिंह की रविवार को खेत में काम करते हुए गोली मार कर हत्या कर दी गई। बताया गया कि लगभग छह माह पूर्व अमरपाल व जबर सिंह का परिवार किसी शादी समारोह में शिरकत करने गये थे। जहां अमरपाल के सात-आठ वर्षीय पुत्र ने किसी की बाइक के हॉर्न स्पीकर तोडकर जबर सिंह की बाइक में रख दिये। घर आने पर पता चलने पर जबर सिंह ने बच्चे को यह कहते हुए डांट दिया था कि तुने मेरी बाइक में स्पीकर चुराकर क्यों रखे।
जिस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। विवाद में अमरपाल ने अपने अन्य भाईयों के साथ मिलकर जबर सिंह व उसके परिजनों को पीट दिया था। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जिसके बाद से चचेरे-तहेरों में दरार पड गई थी। जिसके बाद से जबर सिंह का बड़ा भाई गजेपाल जो ट्रक ड्राइवर था, बाहर रहने लगा था। बताया जाता है कि अमरपाल ने सरकारी तालाब पाटकर मकान बना रखे हैं।
जिसकी शिकायत जबर सिंह उच्चाधिकारियों से करता रहता था। जिससे उन्हें अपने मकानों के ध्वस्तिकरण का डर था। परिजनों ने बताया कि 13 अक्टूबर को मृतक को तहेरे भाईयों से फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी। जिस पर मृतक ने जान का खतरा बताते हुए थाने में तहरीर दी थी। मामले में पुलिस ने मुचलका पाबंद की कार्रवाई की।
मृतक ने 26 अक्टूबर 2022 को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित कराये गये सामुहिक विवाह समारोह में सोनी नाम की एक दिव्यांग महिला के साथ शादी कर ली थी। दोनों पति-पत्नी पहली करवा चौथ को लेकर उत्साहित थे। लेकिन पहली करवा चौथ से दो दिन पूर्व ही सोनी की मांग उजड गई।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार यादव ने बताया कि मृतक का अपने चचेरे भाइयों से पिछले 6-7 महीने से विवाद चल रहा था। 23 अक्टूबर को मृतक की ओर से जान से मारने की धमकी को लेकर एक शिकायती पत्र भी दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। जिसे लेकर संबंधित पुलिस पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।