सहारनपुर। देवबन्द में बृहस्पतिवार की रात को खाना खाने के बाद जेल परिसर में ही टहल रहे उपकारागार के जेलर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जेलर ने पेड़ के पीछे छुपकर अपनी जान बचाई। जेलर पर करीब सात राउंड फायरिंग की गई है।
शस्त्रों से लैस जेल के कर्मियों से खुद को घिरता देख बदमाश फरार हो गए। जेलर ने कार्रवाई के लिए देवबंद कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उपकारागार में तैनात जेलर रीवन सिंह बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे जेल की बगल में स्थित अपने सरकारी आवास से खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। जब वह जेल परिसर में टहल रहे थे तो उसी दौरान परिसर की बाउंड्री वाल के पीछे से अचानक दो बदमाशी ने उन पर फायरिंग कर दी। वह गोली से बाल बाल बचे और परिसर में खड़े पेड़ के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।
फायरिंग की आवाज सुनकर जेल स्टाफ में अफरातफरी मच गई। जेल कर्मी मौके पर आए तो बदमाश अपने को घिरा पाकर फरार हो गए। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि हवाई फायरिंग कर भागे बदमाशों का सुराग लग चुका है उनकी धरपकड़ को टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
देर रात एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जेल में बंद रिश्तेदार से मिलाई न करने के कारण उन लोगों ने जेलर को डराने के लिए फायरिंग की थी। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है
