
बागपत। पुरा महादेव मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर और मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग भगवा रंग में रंग गए। मंदिर हर-हर महादेव और बम-बम के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर में शुक्रवार को लाखों कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। कांवडिय़ों की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और मेला परिसर में पुलिसबल तैनात रहा।

पुरा महादवे मंदिर में शुक्रवार को त्रयोदशी का जलाभिषेक करने के लिए रात से ही कांवडिय़ों और अन्य श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची शुरु हो गई थी। मंदिर पहुंचने के लिए बनाई बेरिकेडिंग में रात से ही लाइन लगनी शुरु हो गई थी। जलाभिषेक करने के आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर के गेट, गर्भ ग्रह और मेले में भारी पुलिस तैनात रही।
मंदिर में सीसीटीवी कैमरों और वॉच टावर से निगरानी की गई। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि सुबह तक मंदिर में लाखों की कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। शाम को सात बजकर 32 मिनट पर मंदिर में झंडापूजन और आठ बजकर 32 मिनट पर झंडारोहण के बाद चर्तुदशी का जलाभिषेक शुरु होगा।