अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार

बिजनौर। स्वाट टीम व थाना कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार सदस्यों को दबोचा है। गैंग के पास से चोरी की 21 वाहन बरामद हुए हैं। एसपी ने गैंग को पकड़ने वाली टीम को 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

एसपी डॉ धर्मवीर सिंह के अनुसार तीन अक्टूबर की सुबह साढ़े तीन बजे स्वाट टीम व थाना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मंडावर रोड पर गांव उमरपुर मीरा के जंगल में लखपत की बंद पड़ी फैक्ट्री के खंडहर की घेराबंदी कर चार शातिर वाहन चोरों को दबोचा।

उन्होंने अपने नाम काजी पाड़ा ईदगाह रोड निवासी शिवा, अशोक, राजू और थाना नगीना देहात के गांव लड़ापुरा निवासी अनिल बताए। आरोपियों के पास से चोरी की 21 बाइक और स्कूटी बरामद हुईं। उन्होंने बताया कि वे बिजनौर, आसपास के जनपदों, दिल्ली व उत्तराखंड के भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करके एकत्र कर लेते थे।

सभी की चेसिस नम्बर और इंजन का नम्बर बदलकर फर्जी नम्बर प्लेट लगा देते थे और अन्य स्थानों पर बेच देते थे। उन्होंने बिजनौर में चोरी की गई कुछ बाइक के बारे में भी बताया। शिवा और अनिल पर पहले से भी मुकदमें दर्ज हैं।

गैंग को पकड़ने वाली टीम में स्वाट के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार, दरोगा जर्रार हुसैन, शहर कोतवाल राधेश्याम शर्मा, दरोगा सुनील कुमार, योगेश शर्मा, सुभाष धनकड़, राजकुमार अगर, मोहित शर्मा, सोनू, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

advertisement at ghamasaana