एटीएम में ठगी, मदद के बहाने बदला कार्ड, खाते से निकाले 40 हजार रुपये

गोंडा। मनकापुर में एटीएम सेंटर में धोखाधड़ी कर व्यक्ति के खाते से 40 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। यह घटना बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र निवासी विजय कुमार विश्वकर्मा के साथ हुई, जिन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर देकर न्याय की मांग की है।

पीड़ित विजय कुमार ने बताया कि वह सोमवार दोपहर मंगल भवन के पास स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। उसी समय एटीएम सेंटर में पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी सहायता करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। विजय कुमार को इस धोखाधड़ी का तब पता चला जब उनके मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये चार बार में निकलने का मैसेज आया। पैसे निकलने की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए।

इसके बाद विजय कुमार ने तुरंत बैंक और पुलिस को मामले की जानकारी दी और थाना मनकापुर में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की। इस पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाठक ने कहा कि अभी मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है और पुलिस प्रशासन से एटीएम सेंटरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित को न्याय मिलने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने की उम्मीद जताई जा रही है।

advertisement at ghamasaana