लखनऊ। सपा सरकार में राज्यमंत्री रहे व मड़ियांव थाने के गैंगस्टर के आरोपी पूर्व राज्यमंत्री इकबाल व उनके पिता अजमत व चचेरे भाई उबैद पर धोखधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने वजीरगंज थाने में तहरीर दी है जिसमें आरोप लगाया है कि राज्यमंत्री ने मड़ियांव के घैला के पास एक बीघा जमीन बेचने की बात कहकर 22 लाख रुपये ले लिए लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। रुपये वापस करने को कहा तो चेक दिया जो बाउंस हो गया।
शिकायत करने पर आरोपियों ने उसे धमकी देनी शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक, सआदतगंज टिकैतराय कॉलोनी निवासी अमित मेहरोत्रा जमीन खरीदना चाहते थे। उनकी मुलाकात वर्ष 2010 में मड़ियांव घैला निवासी उबैद अली उर्फ कल्लू से हुई थी।
बातचीत में उबैद ने घैला में चार बीघा जमीन होने का दावा किया था। उसने बताया था कि जमीन में कैरियर डेंटल कॉलेज के मालिक अजमत अली और इकबाल अली भी साझेदार हैं। अमित के अनुसार, 32 लाख रुपये में एक बीघा जमीन खरीदने की बात तय हुई थी।

