Breaking News काशी में टूट रहा गंगा का कहर, गलियों में चलने लगी नाव

kashi flood

वाराणसी l उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और अब यह चेतावनी बिंदु को पार कर चुका है। केंद्रीय जल आयोग के बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 70.36 मीटर तक पहुंच गया, जो कि चेतावनी बिंदु 70.26 मीटर से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। जलस्तर में हर घंटे चार सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हो रही है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।

मणिकर्णिका घाट पर संकट, गलियों में नावें, शवदाह में देरी

गंगा के उफान की वजह से मणिकर्णिका घाट की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है। घाट की संकरी गलियों में अब नावें चलने लगी हैं। शवदाह की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और शवयात्रियों को 30 से 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा है। मजबूरी में कई लोगों को छतों पर शवदाह करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

15 गांव और 10 शहर मोहल्ले बाढ़ की चपेट में

गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण वाराणसी जिले के 15 गांव और शहर के 10 मोहल्ले बुरी तरह से प्रभावित हो चुके हैं। अब तक 436 परिवार अपना घर छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं और सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन हालात हर घंटे बिगड़ते जा रहे हैं।

सुबह से शाम तक तेजी से बढ़ा जलस्तर

  • सुबह 8 बजे: गंगा का जलस्तर था 69.92 मीटर
  • दोपहर 4 बजे: जलस्तर बढ़कर हुआ 70.28 मीटर
  • शाम 6 बजे: चेतावनी बिंदु पार, जलस्तर 70.36 मीटर

गंगा का जलस्तर अब खतरे के निशान 71.26 मीटर की ओर बढ़ रहा है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एनडीआरएफ की टीमें भी संभावित खतरे के मद्देनजर तैनात की जा रही हैं।

advertisement at ghamasaana