गोंडा । नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी के साथ हुई मुठभेड़ मंे 25 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने बताया कि धानेपुर थाना क्षेत्र दूल्हापुर बनकट गांव का रहने वाला शातिर अपराधी राम उजागर चोरी के कई मामलों में वांछित चल रहा था। राम उजागर पर 25 हजार रूपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस को मिली सूचना कि अपराधी नगर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली व एसओजी की संयुक्त टीम अपराधी को गिरफ्तार करने पहुंची। पुलिस से घिरा देख अपराधी राम उजागर ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की जिससे राम उजागर के पैर पर गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बिना नम्बर प्लेट के, एक अवैध तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और 3200 रूपये बरामद किया गया है।

