गोंडा। पुलिस के भी खेल निराले हैं। शहर के बीचोंबीच हुई मारपीट का मामला घटना के 16 दिन बाद दर्ज किया। वो भी तब जब इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। इससे पहले पुलिस इस मामले पर पर्दा डालती रही, जबकि पुलिस को इस घटना के बारे में पता था।
दरअसल 31 अक्तूबर को शहर में ही शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज में कुछ युवकों ने एक युवक की न केवल बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसके साथ अमानवीय कृत्य भी किया। पीड़ित युवक के परिजनों ने इस मामले की तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। इस मामले में उसने कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई। इस घटना की 16 दिन बाद जब वीडियो वायरल हो गया तो पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने आनन फानन में आठ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस युवक के साथ मारपीट की गई है उसे देसी तमंचा मिलने के आरोप में जेल भेज दिया था। और मारपीट की घटना को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज करती रही, जबकि पीड़ित युवक के परिजनांे ने घटना के दिन ही पुलिस को तहरीर दे दी थी। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने बताया कि 31 अक्टूबर को मारपीट होने की सूचना पर पुलिस मौके पर गयी थी, जिसमें एक लड़के को कट्टा बरामदगी में जेल भेजा था। अब इसी मामले का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कट्टे दिखाई दे रहे हैं। युवक से मारपीट के साथ अमानवीय कृत्य किया जा रहा है। वीडियो का संज्ञान पुलिस लेते हुए 8 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

