मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव बडसू में सोमवार रात घुड़चढ़ी के दौरान हर्ष फायरिंग में दूल्हे का बहनोई सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन साल का भांजा घायल है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बडसू निवासी अभिषेक सैनी का विवाह सहारनपुर में तय हुआ था। सोमवार को मंढे के बाद रात के समय घुड़चढ़ी चल रही थी। शादी में शामिल होने पहुंचे दूल्हे के बहनोई सहारनपुर के आजमपुर निवासी सोनू अपने तीन साल के बेटे भोला को गोद में लेकर घुड़चढ़ी देख रहा था। इस दौरान दो युवक तमंचे से हर्ष फायरिंग करने लगे।

गोली सोनू के पेट में जा लगी, जबकि भोला को भी छर्रे लगे हैं। परिजन घायलों को सीएचसी खतौली ले गए, जहां से गंभीर स्थिति में सोनू को मोदीपुरम अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई। घायल भोला का खतौली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हर्ष फायरिंग के आरोपी बडसू निवासी रोबिन पुत्र राजेन्द्र सिंह और जल सिंह पुत्र ओम सिंह को हिरासत में ले लिया है। दूल्हे अभिषेक ने तहरीर दी है।