नोएडा में गिरे ओले, लगातार बारिश ने बढ़ाई मुसीबत

weather

मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाद अब पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ समेत यूपी के कई शहरों में शनिवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। नोएडा और गाजियाबाद में एक दिन पहले शुक्रवार को तेज बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चलीं। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिसका सीधा असर छोटे बच्चों के स्कूलों पर पड़ा है।

मेरठ और सहारनपुर में कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूल 29 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, गाजियाबाद के बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों को 30 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। मुजफ्फरनगर में 12वीं तक के स्कूलों में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है।

स्कूल खुलने के बाद होगी छमाही परीक्षा

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बढ़ती ठंड और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए दो दिन की छुट्टी का आदेश दिया है। यह आदेश सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और बोर्ड के स्कूलों पर सख्ती से लागू होगा। परिषदीय स्कूलों में चल रही छमाही परीक्षा अब छुट्टी के बाद स्कूल खुलने पर आयोजित की जाएगी।

नोएडा में ओले गिरने से बढ़ी ठंड

यूपी के पश्चिमी हिस्से में तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने ठंड का प्रकोप और बढ़ा दिया है। मुजफ्फरनगर में 33 मिमी, मेरठ में 30 मिमी और बागपत में 42 मिमी बारिश दर्ज की गई। इन जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे दर्ज हुआ। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार देर रात बारिश के बीच ओले भी गिरे, जिससे ठंड और बढ़ गई।

advertisement at ghamasaana