मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों में रविवार को ओलावृष्टि के साथ जोरदार बारिश हुई। इस बारिश ने किसानों के चेहरे पर ंिचंता की लकीर खींच दी है। माना जा रहा है कि इस बारिश से कई फसलों को भारी नुकसान हुआ है। मेरठ सहित कई जिलों में बारिश हुई है।
सहारनपुर में रविवार को दोपहर बाद एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में बादल छा गए तेज हवा चली और बरसात भी हुई। वहीं साढ़ोली कदीम क्षेत्र में यमुना नदी किनारे के गांव में जबरदस्त ओलावृष्टि भी हुई है। गांव शेखपुरा सहित आसपास के कई गांवों में किसानों की धान की फसल भी बर्बाद हो गई है। खेतों में पानी भरा हुआ है ।

बूंदाबांदी ने बढ़ाई किसानों की चिंता
मुजफ्फरनगर। मौसम के बदले मिजाज ने फिर किसानों को चिंता में डाल दिया है। रविवार को सुबह से लेकर रात तक कई बार मौसम बदला। कई क्षेत्रों में सुबह के समय बूंदाबादी हुई, लेकिन दिन में धूप खिली रही। शाम के समय आसमान में बादल छा गए और हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण धान की कटाई प्रभावित होगी। गन्ने का पेराई सत्र पिछड़ेगा। कोल्हूओं का संचालन रोक देना पड़ा। जिससे किसानों को परेशानी होगी। शामली में मौसम का मिजाज रविवार शाम को बदल गया। तेज ठंडी हवा के साथ बादल छा गए और बूंदाबांदी होने लगी। जिससे मौसम में ठिठुरन बढ़ गई।
बिजनौर में भी हुई बूंदाबांदी
रविवार को देर शाम तेज बिजनौर में गरज के साथ बूंदाबांदी हुई। सुबह से लेकर रात तक कई बार मौसम बदला। दिन की बात करें तो अधिकांश समय धूप निकली रही। शाम के समय आसमान में बादल छा गए। शाम सात बजे आसमान में बादल रहे और हवाएं चलने लगी। 8 बजते बजते तेज गरज के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम के बदले मिजाज से बाज़ारों में सन्नाटा पसर गया।

