दुल्हन का हाथ पकड़कर दूल्हे ने चलाईं पांच गोलियां, तलाश में जुटी पुलिस

गाजियाबाद। साहिबाबाद में शादी के बाद दुल्हन को खुश करने के लिए एक दूल्हे ने उसका हाथ पकड़कर पांच राउंड गोलियां चलाईं। हर्ष फायरिंग का वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना इंदिरापुरम के ग्रांड पियाजा बैंक्वेट हॉल की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी दूल्हे का पता लगाने के लिए बैंक्वेट हॉल में एक सप्ताह के भीतर हुई शादियों की डिटेल मांगी गई है।

पुलिस के मुताबिक हर्ष फायरिंग शादी संपन्न होने के बाद की गई। गाड़ी में बैठने से पहले दुल्हन को रिझाने के लिए दूल्हे ने उसका हाथ पकड़कर पिस्टल से एक के बाद एक पांच गोलियां चलाईं। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन के आसपास खड़े लोगों की आवाज भी सुनाई दे रही है। एसएचओ मनीष बिष्ट का कहना है कि सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग की घटना थाना क्षेत्र के ग्रांड पियाजा बैंक्वेट हॉल की बताई गई है। बैंक्वेट हॉल से एक सप्ताह के अंदर हुई शादियों की डिटेल मांगी जा रही है। आयोजन के लिए बैंक्वेट हॉल बुक करने वालों से दूल्हा-दुल्हन की फोटो लेकर आरोपी दूल्हे की पहचान की जाएगी।

लाइसेंसी बताई जा रही पिस्टल
15 सेकेंड की वायरल वीडियो में पिस्टल से डोरी बंधी हुई दिखाई दी। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी दूल्हे की पहचान के बाद उससे असलहा बरामद किया जाएगा। अगर पिस्टल लाइसेंस हुई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा।

सहमी हुई दुल्हन बोली-इसे ऊपर रखना
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस दुल्हन के सामने रौब गालिब करने के लिए दूल्हे ने हर्ष फायरिंग की, वह भी सहमी हुई थी। दुल्हन ने दूल्हे से कहा कि इसे (पिस्टल को) ऊपर रखना। पांच राउंड फायरिंग के दौरान दुल्हन का मुंह नीचे की तरफ था। वहीं, गोली चलने पर आसपास खड़े लोग तालियां बजाते हुए वीडियो बना रहे थे।

advertisement at ghamasaana