देहरादून। देशभर में लागू होने जा रही स्क्रैप पॉलिसी के लिए उत्तराखंड में भी तैयारी शुरू हो गई है। इनमें दो निजी क्षेत्र की मदद से और दो केंद्र सरकार के सहयोग से बनने जा रहे हैं। इसके लिए प्रदेश में चार ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर बनेंगे। देहरादून और ऊधमसिंह नगर में निजी कंपनियों की मदद से दो ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर खोले जाएंगे। दो सेंटर केंद्र की मदद से खोले जाएंगे।
अपर सचिव परिवहन आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि निजी क्षेत्र के फिटनेस सेंटर की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। केंद्र से भी जल्द ही बजट जारी होने वाला है। पिछले दिनों केंद्र सरकार ने पुराने वाहनों के लिए स्क्रैप पॉलिसी जारी की थी। इसके तहत ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिनसे वाहनों के स्क्रैप में जाने पर मुहर लगेगी।
परिवहन विभाग ने इस नीति के तहत ऑटोमैटिक फिटनेस सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्क्रैप में गाड़ी गई तो नए वाहन की खरीद पर मिलेगी राहत नई स्क्रैप पॉलिसी के तहत स्क्रैपिंग सर्टिफिकेट दिखाने पर नई गाड़ी खरीदते वक्त पांच फीसदी छूट जाएगी। गाड़ी स्क्रैप करने पर कीमत का 4-6 फीसदी मालिक को दिया जाएगा। इसके साथ ही नई गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के वक्त रजिस्ट्रेशन फीस माफ कर दी जाएगी। राज्य सरकार प्राइवेट गाड़ियों पर 25 प्रतिशत और व्यावसायिक वाहनों पर 15 परसेंट तक छूट दे सकती है।
पॉलिसी के तहत नई गाड़ी लेने पर रोड टैक्स में तीन साल के लिए 25 फीसदी तक छूट की बात कही गई है। अगर किसी व्यक्ति की गाड़ी फिटनेस टेस्ट में फेल हो जाती है तो उसे देश भर में 60-70 रजिस्टर्ड स्क्रैप फैसिलिटी सेंटर में अपनी गाड़ी जमा करनी होगी। अगर आप पांच लाख कीमत की कार खरीद रहे हैं तो आपको डिपॉजिट सर्टिफिकेट दिखाने पर 25,000 रुपये की छूट मिलेगी। इसके बाद आपको नए वाहन का रजिस्ट्रेशन कराने में छूट मिलेगी।

