बिजनौर। आरबीडी कॉलेज की प्रवक्ता डॉ प्रिया शर्मा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। हत्यारोपियों ने प्रवक्ता को मारने की छह बार कोशिश की लेकिन वह विफल रहे। इसके बाद पूरी योजना के साथ सातवीं बार में प्रवक्ता की गोली मारकर हत्या की।
पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में पकड़े गए शूटर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि प्रवक्ता के पति ने ही हत्याकांड के लिए सुपारी दी थी। प्रवक्ता के पति कमल शर्मा ने अपने ड्राइवर विक्रांत को हत्या कराने के लिए राजी किया ड्राइवर ने एक बिचोलिया छोटू से संपर्क किया। छोटू ने ही शूटर गोलू और राजू से संपर्क किया। साढ़े पांच लाख में सौदा तय होने के बाद करीब डेढ़ महीना पहले डॉक्टर प्रिया शर्मा के पति कमल शर्मा ने शूटरों को प्रवक्ता की पहचान करा दी थी। जिसके बाद दोनों ही शूटर पिछले महीने 6 बार बिजनौर आए लेकिन प्रवक्ता के रास्ता बदल लिए जाने की वजह से वारदात को अंजाम नहीं दे सके। सातवीं बार में सूत्रों ने गोली मारकर डॉक्टर प्रिया शर्मा की हत्या कर दी।
प्रवक्ता के जीजा को भी मारना चाहते थे आरोपी
बिजनौर। पकड़े गये बदमाश राजू ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि वे तीन लोग चांदपुर जा रहे थे। किसी काम की वजह से अचानक उनके साथ आया छोटू बिजनौर रुक गया था। राजू ने पुलिस को बताया कि वह और गोलू दोनों चांदपुर जा रहे थे जहां उन्हें प्रवक्ता के जीजा को भी मारना था। बताया गया कि हत्याकांड की साजिश रचने वाला मृतका का पति कमल दत्त शर्मा पहले चांदपुर निवासी प्रिया के जीजा की हत्या कराना चाहता था। उन्होने अपने साथियों के साथ कई बार कोशिश की। लेकिन सफलता नही मिली। जिसके बाद पहले डॉक्टर प्रिया शर्मा को ही ठिकाने लगाने का प्लान बनाया गया।
पहले भी जेल जा चुका है पकड़ा गया आरोपी
पकड़ा गया बदमाश राजू पहले भी अपनी प्रेमिका के पति पर जानलेबा हमला कर चुका है। जिस मामले में वह जेल गया था। फरार आरोपी छोटू और गोलू भी चोरी के मामले में जेल जा चुके है।
