गोंडा। खोड़ारे थाना क्षेत्र के मकोइया गांव में पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी, उसके बाद पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस मामले में सीओ संजय तलवार ने बताया कि खोड़ारे थाने पर मंगलवार सुबह मकोइया निवासी चंद्रभान सिंह ने फोन करके मामले की सूचना दी। चंद्रभान सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके नाती संजीव सिंह ने घर में पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। उनकी पत्नी का शव भी बिस्तर पर पड़ा मिला।
जिससे आशंका जताई जा रही है कि संजीव सिंह उर्फ मिंटू पुत्र राजेंद्र सिंह ने पहले अपनी पत्नी वंदना सिंह की गला दबाकर हत्या की उसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। वंदना बभनान पीएचसी में संविदा पर नर्स थी। पुलिस का दावा है कि कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दोनों के हस्ताक्षर हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। बताया जा रहा है कि संजीव नशे का आदी था।
