क्रेडिट कार्ड का लोन नहीं चुका पाया तो दवा कंपनी के सेल्समैन ने कर ली आत्महत्या

मुजफ्फरनगर। क्रेडिट कार्ड कंपनी का कर्ज न चुका पाने से मजबूर होकर दवा कंपनी के सेल्समैन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हॉस्पिटल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है ।


मिमलाना रोड निवासी अनुज कुमार (32) दवा कंपनी में सेल्समैन था। परिजनों के अनुसार, अनुज ने कुछ समय पूर्व एक कंपनी का क्रेडिट कार्ड लिया था। लॉकडाउन के चलते काम प्रभावित होने के कारण वह क्रेडिट कार्ड पर लिया गया कर्ज व उसका ब्याज नहीं चुका पाया, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में चल रहा था। परिजनों का कहना है कि क्रेडिट कार्ड जारी करने वाली कंपनी द्वारा भी अनुज पर लगातार कर्ज व ब्याज अदायगी का दबाव बनाया जा रहा था।

सोमवार शाम अनुज ने इससे तंग आकर घर के एक कमरे में जाकर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद परिजन कमरे में पहुंचे तो उसे फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। परिजनों की नजर उस पर पड़ी दो परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल की ओर से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

advertisement at ghamasaana