रंगदारी नहीं दी तो महिला जिला पंचायत सदस्य के पति को मार दी गोली, आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही पुलिस, गांव छोड़ने की तैयारी कर रहा परिवार

मुजफ्फरनगर। गांव मखियाली निवासी जिला पंचायत के वार्ड-41 की महिला सदस्य जरीन बेगम ने अपने घर पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखकर पलायन करने की चेतावनी दी है। महिला सदस्य ने पति शाहनवाज पर चार दिन पूर्व हुए कातिलाना हमले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताते हुए जान का खतरा जताया है।

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मखियाली निवासी जरीन बेगम जिला पंचायत के वार्ड-41 से सदस्य है। उनके पति शाहनवाज स्क्रैप कारोबारी हैं, जिन पर चार दिन पूर्व भोपा रोड स्थित एक फैक्टरी के बाहर कुछ लोगों ने कातिलाना हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में जरीन बेगम द्वारा गांव के ही कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजित व उसके दो भाइयों समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। महिला सदस्य ने आरोपियों पर पति से 25 हजार की रंगदारी मांगने के साथ ही चुनावी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया था।

मामले में आरोपियों की चार दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने पर जिला पंचायत सदस्य ने सोमवार दोपहर बाद अपने घर पर ‘मकान बिकाऊ है’ लिखकर गांव से पलायन करने की चेतावनी दी डाली। महिला सदस्य का कहना है कि उनके पति पर कातिलाना हमला करने के आरोपी गांव में खूलेआम घूमते हुए धमकियां दे रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोप है कि हमले के गवाहों को भी बयान बदलने के लिए धमकी दी जा रही है, जिससे उनके व परिवार की जान को खतरा उत्पन्न हो गया है।

अध्यक्ष पद चुनाव के समय हुई थीं भाजपा में शामिल
जिला पंचायत के वार्ड-41 की महिला सदस्य जरीन बेगम चुनाव में निर्दलीय विजयी हुई थी। बाद में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के समय वे भाजपा में शामिल हो गईं थीं। महिला सदस्य का कहना है कि भाजपा में होने के बावजूद उनके परिवार की सुरक्षा नहीं हो पा रही है। पति पर हमला हो गया है, लेकिन आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। गवाहों को भी धमकियां दी जा रहीं हैं।

उन्होंने कहा कि यदि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वे परिवार समेत गांव से पलायन करने को मजबूर हो जाएंगी। सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव का कहना है कि मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीम गठित की गई है, जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। महिला सदस्य के परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में नियमित गश्त के भी निर्देश दिए गए हैं।

advertisement at ghamasaana