सहारनपुर। प्रेमिका ने शादी से इंकार क्या कि प्रेमी को लगा कि उसकी तो दुनिया ही उजड़ गई। वह प्रेमिका को मनाने उसके घर पहुंच गया। वहां भी प्रेमिका ने उससे शादी के लिए मना कर दिया। इतना ही नहीं उसके भाइयों ने प्रेमी के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इससे प्रेमी इतना आहत हुआ कि उसने प्रेमिका के घर पर ही जहर खाकर जान दे दी।
उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाने के गांव मंडावर के रहने वाले अंकित 22 पुत्र रामनाथ सैनी और सहारनपुर के फतेहपुर थाने के गांव भटपुरा निवासी अनुसूचित जाति की युवती भगवानपुर क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते थे। अंकित के पिता रामनाथ ने थाने में तहरीर देकर बताया कि अंकित और युवती के बीच प्रेम संबंध था और दोनो शादी के लिए तैयार थे।
आरोप है कि युवती के दोनों भाई शादी का विरोध कर रहे थे। शनिवार की शाम अंकित भटपुरा पहुंचा जहां युवती और उसके भाईयों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया। इससे क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर युवती के भाई उनके बेटे को बाइक पर बैठा कर मंडावर गांव के बाहर क्वांटम कालेज के सामने छोड़ कर फरार हो गए। उसके शरीर पर चोटों के निशान भी थे।
गांव के युवक की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और अंकित को गंभीर हालत में लेकर सहारनपुर अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर अपने घर आ गए। रविवार की सुबह वे भगवानपुर थाने की पुलिस चौकी मंडावर पहुंचे। जहां की पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसका रुडकी में पोस्टमार्टम कराया।
देर शाम अंतिम संस्कार करने के बाद मृतक के परिजन भगवानपुर विधायक ममता राकेश ग्राम प्रधान वेदपाल सैनी, डॉ देवराज पुंडीर और प्रवीण राणा के साथ फतेहपुर थाने पहुंचे। जहां तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस मामले में थानाध्यक्ष सतेंद्र नागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
