मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव घनश्यामपुरा के मजरा कैलाशनगर में रसोई में खाना बना रही उर्मिला (65) की पीछे से धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त मृतका घर में अकेली थी। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने विरोध किया। देर रात तक पुलिस हमलावर की तलाश में जंगल में कांबिंग कर रही थीं।
महिला उर्मिला का बड़ा बेटा राजू गांव में दूध की डेयरी पर गया हुआ था, जबकि छोटा बेटा संदीप उर्फ छोटू किसी काम से सिकंदरपुर गांव गया हुआ था। वृद्धा रसोई में खाना बना रही थी। छोटा बेटा घर लौटा तो रसोई और आंगन में खून बहता देख शोर मचाया। आसपास के लोग जमा हो गए।
रसोई में उर्मिला का शव पड़ा हुआ था। खाना बनाने के दौरान किसी न पीछे से धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या की थी। हाथों पर भी चोट के निशान मिले हैं। रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ बुढ़ाना विनय गौतम आसपास के थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो परिजनों ने विरोध किया और वारदात के खुलासे की मांग रखी।
