सहारनपुर। प्रदेश सरकार द्वारा गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वे कराए जाने के विरोध में दारुल उलूम में यूपी के मदरसों का सम्मेलन देवबंद में रविवार को शुरू हो गया। इसमें सर्वे को लेकर लाइन ऑफ एक्शन तैयार किया जाएगा।
रविवार को एशिया की प्रसिद्ध मस्जिद रशीदिया में शुरू हुए सम्मेलन में प्रदेश के 250 से अधिक उन मदरसों के संचालक शामिल हैं जो दारुल उलूम से संबद्ध हैं। यह सम्मेलन प्रदेश में शुरू हुए गैर सरकारी मदरसों के सर्वे को लेकर बुलाया गया है। जिसमें विचार विमर्श के बाद लाइन ऑफ एक्शन तैयार किया जाएगा।

इसमें शामिल होने के लिए शनिवार से ही प्रमुख उलमा देवबंद पहुंचने लगे। दारुल उलूम की आज़मी मंज़िल के मैदान में काउंटर लगाकर आने वाले महमानों की एंट्री की जा रही है। सम्मेलन में केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है जिनको संस्था द्वारा बुलाया गया है। वर्तमान परिस्थितियों में अहम माने जा रहे सम्मेलन को कवर करने के लिए मीडिया कर्मियों का भी जमावड़ा लगा हुआ है। लेकिन कैमरे के साथ सम्मेलन स्थल पर जाने को मीडिया के प्रवेश पर पाबन्दी लगाई गई है।
मीडिया के प्रवेश पर पाबंदी
सम्मेलन में क्या निर्णय लिए गए हैं इसकी जानकारी संस्था द्वारा प्रेस नोट जारी करके या प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी जाएगी। उधरए सम्मेलन को लेकर शासन प्रशासन भी सतर्क बना हुआ है। दारुल उलूम के आसपास भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। साथ ही इंटेलिजेंस के अधिकारी भी हर हलचल पर नज़र बनाए हुए हैं।

