सहारनपुर । देवबंद क्षेत्र के केंदुकी गांव में दीवार बनाने के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने मिलकर दूसरे पक्ष की महिला को लाठी डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना देवबंद कोतवाली क्षेत्र के केंदुकी गांव की है। यहां के निवासी फैयाज और कुर्बान के परिवार के बीच दीवार बनाने को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। इसको लेकर पहले भी उनके बीच कई बार कहासुनी होती रही है। आरोप है कि मंगलवार को इसी रंजिश में फिर से उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते फैयाज पक्ष के छह से अधिक युवा लाठी डंडे लेकर सड़क पर आ गए और महिलाओ की सरेआम पिटाई शुरु कर दी।

जिसमें नसीमा और आसमीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच बचाव को आए अरमान को भी उक्त लोगों ने जमकर पीटा। इस दौरान किसी ग्रामीण ने मारपीट की वीडियो बना ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस गांव में पहुंची और फैयाज को हिरासत में लिया। जबकि घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

वहीं, इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। सीओ रामकरण सिंह का कहना है कि वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान कराई जा रही है। जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। शुरुआती जांच में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।