
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र की मजीद कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान में युवक की हत्या कर शव फेंक दिया गया, जिससे सनसनी फैल गई। पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। आशंका जताई जा रही ईंटों से वार कर युवक की जान ली गई है।
मोहल्ला आली की चुंगी निवासी साहिल 20 पुत्र नसीर अहमद हौजरी के कारखाने में नौकरी करता था। बुधवार की सुबह वह रोजाना की तरह कारखाने पर गया थाए लेकिन रात में घर नहीं लौटा। उसके पिता नसीर अहमद ने बताया कि उन्होंने रात आठ बजे पुत्र को फोन किया तो उसने कहा कि थोड़ी देर में घर आ जाएगा, लेकिन वह घर नहीं लौटा और उसका फोन मिलना भी बंद हो गया। देर रात तक परिजन युवक की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं पाया। रात करीब डेढ़ बजे साहिल ने दोबारा अपने पिता को फोन करके बताया कि उसे कुछ लोग उससे मार रहे हैं। इसके बाद फोन कट गया और फिर मोबाइल फोन बंद आने लगा। परिजनों ने रात भर साहिल की तलाश कीए लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
कुछ लोगों ने साहिल का शव मजीद कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में पड़ा देखा। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। ईंटों से उसका चेहरा और छाती को ढक रखा था। आशंका जताई जा रही है ईंटों से वार कर साहिल की हत्या की गई है। पता लगते ही थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजन भी वहां आ गए। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नसीर अहमद ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुत्र की हत्या की तहरीर दी। नसीर ने बताया कि कौन लोग रात में उसके पुत्र मार रहे थे, उन्हें इसके बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने फोन की रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति का सही पता लग पाएगा। पुलिस जल्द घटना का खुलासा कर देगी।