नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सीमा के करीब चीन की गतिविधियां राष्ट्रीय चिंता का कारण बनी हुई हैं। इस बीच अरुणाचल प्रदेश से लापता 17 वर्षीय युवक मिराम तरोन को लेकर सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि मिराम तरोन की तलाश में भारतीय सेना भी जुट गई है, इस संबंध में आर्मी ने चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) से संपर्क किया है।
सूत्रों के मुताबिक भारतीय सेना ने पीएलए से लापता युवक का पता लगाने और उसे एएसटीडी प्रोटोकॉल के अनुसार वापस करने के लिए कहा है। बता दें कि दावा किया जा रहा है मिराम तरोन को पीएलए द्वारा अगवा किया गया है।
अरुणाचल प्रदेश के निवासी मिराम तरोन के लापता होने के बाद स्थानीय सांसद तापिर गाओ ने भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने दावा किया कि मिराम तरोन को राज्य में भारतीय क्षेत्र के अपर सियांग जिले से चीनी सेना द्वारा अगवा कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि पीएलए ने युवक का सियुंगला क्षेत्र के लुंगता जोर इलाके से अपहरण किया है। सूत्रों के मुताबिक तापिर गाओ के इस दावे के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया जिसके बाद अब भारतीय सेना ने युवक की तलाशी अभियान शुरू किया है। इस संबंध में चीनी सेना से भी संपर्क किया गया है।

